न्यूयॉर्क शहर में स्थित ऐतिहासिक ब्रुकलिन ब्रिज के पास शनिवार रात को एक गंभीर हादसा हो गया, जब मैक्सिकन नौसेना का एक प्रशिक्षण जहाज “कुआउतेमोक (Cuauhtémoc)” पुल से टकरा गया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई और 19 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। कुल 277 लोग इस जहाज पर सवार थे।

न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के अनुसार, जहाज के ब्रिज से टकराने से पहले बिजली की आपूर्ति अचानक बंद हो गई, जिसके चलते जहाज पर नियंत्रण नहीं रह पाया। यह हादसा रात के समय उस वक्त हुआ जब जहाज ब्रुकलिन ब्रिज के नीचे से गुजरने की कोशिश कर रहा था। लेकिन जहाज के तीन मस्तूल (mast) 45 मीटर (147 फीट) ऊँचे थे, जबकि ब्रिज के मध्य में अधिकतम ऊँचाई की सीमा 135 फीट ही है। परिणामस्वरूप, जहाज ब्रिज की संरचना से टकरा गया और उसके तीनों मस्तूल टूट गए।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि इस हादसे में घायल हुए 19 लोगों में से दो की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि दो अन्य की मृत्यु हो चुकी है।

यह जहाज साल 1982 में पहली बार समुद्र में उतारा गया था और तब से यह मैक्सिकन नौसेना के प्रशिक्षण कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। हर वर्ष, यह जहाज नौसेना सैन्य विद्यालय के अंतिम वर्ष के छात्रों को प्रशिक्षण देने के लिए समुद्री यात्रा पर रवाना होता है। इस वर्ष यह जहाज 6 अप्रैल को मेक्सिको के अकापुल्को बंदरगाह से रवाना हुआ था और इसका अंतिम गंतव्य आइसलैंड तय किया गया था।

ब्रुकलिन ब्रिज, जो न्यूयॉर्क शहर की एक प्रमुख ऐतिहासिक और पर्यटक स्थल है, इस टक्कर के बाद कुछ समय के लिए आंशिक रूप से बंद कर दिया गया। न्यूयॉर्क के परिवहन विभाग ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जहाज की ऊंचाई की जानकारी होते हुए भी इसे ब्रिज के नीचे से ले जाने की योजना क्यों बनाई गई।

यह हादसा कई स्तरों पर सवाल खड़े करता है—जहाज की तकनीकी जांच, समुद्री मार्ग की योजना और आपातकालीन प्रबंधन की तैयारियों को लेकर। फिलहाल राहत और बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, और जांच एजेंसियां इस हादसे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *