RCB के गेंदबाज़ यश दयाल पर यौन शोषण का आरोप, क्रिकेटर ने दी सफाई – दर्ज कराई अपनी ओर से शिकायत

आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को खिताबी जीत दिलाने वाले तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल एक बड़ी विवाद में फंस गए हैं। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक महिला ने उनके खिलाफ झूठे वादे पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज करवाई है। महिला का कहना है कि यश ने शादी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में मुकर गए।

महिला द्वारा दर्ज करवाई गई एफआईआर गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा BNS-69 के तहत दर्ज की गई है, जो झूठे वादे या धोखाधड़ी से यौन संबंध बनाने के मामलों पर लागू होती है। महिला का कहना है कि वह पिछले 5 वर्षों से यश दयाल के साथ रिश्ते में थीं, और कई बार शादी की बात भी हुई थी।

यश दयाल की प्रतिक्रिया और पलटवार

इन गंभीर आरोपों के सामने आने के बाद यश दयाल ने प्रयागराज के खुल्दाबाद थाने में महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। यश ने अपनी शिकायत में महिला और उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों पर धोखाधड़ी, चोरी और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

दयाल का कहना है कि उनकी मुलाकात महिला से 2021 में इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और तब से वे बातचीत में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला ने बार-बार मेडिकल इमरजेंसी, परिवार की बीमारी और शॉपिंग के बहाने लाखों रुपये उधार लिए, जो अब तक वापस नहीं किए गए हैं।

यश ने यह भी दावा किया है कि महिला ने उनके आईफोन और लैपटॉप की चोरी भी की है। उन्होंने कहा कि उनके पास सभी आरोपों से संबंधित सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वह पुलिस को सौंपने को तैयार हैं।

मुख्यमंत्री पोर्टल से कार्रवाई की शुरुआत

गौरतलब है कि यह मामला तब प्रकाश में आया जब महिला ने 21 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को IGRS पोर्टल के माध्यम से शिकायत भेजी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और एफआईआर दर्ज की गई।

दोनों पक्षों में कानूनी लड़ाई शुरू

फिलहाल मामला कोर्ट और पुलिस के पास है, और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक तरफ महिला खुद को पीड़िता बता रही है, वहीं यश दयाल इसे एक सुनियोजित साजिश और ब्लैकमेलिंग बता रहे हैं।

इस घटना ने यश दयाल के फैंस को चौंका दिया है, खासकर तब जब उन्होंने हाल ही में IPL में शानदार प्रदर्शन किया था। अब देखना होगा कि पुलिस जांच के बाद सच्चाई किसके पक्ष में सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *