सिंघम अगेन, अजय देवगन, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ, जैकी श्रॉफ, अर्जुन कपूर, करीना कपूर खान, दीपिका पादुकोण और सलमान खान जैसे सितारों के साथ रिलीज हुई है। रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित इस फिल्म की पिछली दो सीरीज को दर्शकों ने खूब सराहा था। लेकिन इस बार, जबर्दस्त सितारों के साथ, फिल्म कहीं भी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती है।
अजय देवगन की फिल्म में बेहद खराब एंट्री है। उनके एक्शन सीन बचकाने और बिना तार्किकता के हैं। डायलॉग डिलीवरी भी निराशाजनक है। अजय देवगन सिंघम के किरदार में पहले से बिल्कुल अलग हैं। ना पहले जैसी तेज आवाज है, ना जोश और ना ही वह छवि जो दर्शकों को सिनेमाघरों में खींचती है। कहानी भी कहीं-कहीं बेतरतीब सी लगती है। सिंघम पूरी तरह से एवेंजर्स से प्रेरित नजर आती है, जहां हर सिनेमेटिक पल में सुपरहीरोज की फौज दिखाई जाती है।


फिल्म में सिचुएशनशिप और रोमांस का एक हिस्सा है, जो बिल्कुल ही बचकाना और जबरदस्ती भर दिया गया लगता है। करीना कपूर खान की एक्टिंग और डायलॉग डिलीवरी भी निराश करती है। दीपिका पादुकोण का पहला कैमियो कमजोर और सस्ते डायलॉग्स से भरपूर है। विलेन के रूप में अर्जुन कपूर बेहद कमजोर दिखाई देते हैं। वह केवल रामलीला के रावण की तरह हंसते हैं और हर सीन में अपने चेहरे पर एक ही अंदाज रखते हैं।
रोहित शेट्टी के इस कॉप यूनिवर्स की अवधारणा अब ढीली पड़ गई है क्योंकि कंटेंट को नया बनाने की कोई कोशिश नहीं की गई है। अर्जुन कपूर और टाइगर श्रॉफ जैसे युवा कलाकारों के बावजूद, फिल्म में एक भी इम्प्रेसिव सीन नहीं है। सलमान खान के कैमियो की उम्मीद भी पूरी नहीं होती है, और वह फिल्म में अपनी उपस्थिति के बावजूद किसी भी मायने में प्रभाव नहीं छोड़ पाते हैं।
कुल मिलाकर, सिंघम अगेन 375 करोड़ का एक बड़ा तमाशा है जो दर्शकों को निराश करता है। रोहित शेट्टी को शायद अब कॉप यूनिवर्स को बंद कर देना चाहिए और कुछ नए विषयों पर काम करने की जरूरत है।