उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ अध्यात्म, योग, संस्कृति, साहित्य, और कला की भी एक महत्वपूर्ण भूमि है – मुख्यमंत्री।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून में बी.आर. अम्बेडकर स्टेडियम, कौलागढ़ रोड, ओएनजीसी और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से संचालित “हिमगिरि सोसाइटी” द्वारा आयोजित पर्वतीय सरोकारों के लिए दो दिवसीय ‘हिमगिरी महोत्सव-2024’ का शुभारंभ किया।

इस मौके पर, मुख्यमंत्री ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में डॉ॰ दिनेश कुमार असवाल, चित्रकला के क्षेत्र में प्रो. शेखर चंद्र जोशी, और पर्यावरण के क्षेत्र में सचिदानंद भारती को “हिमगिरि गौरव सम्मान-2024” प्रदान किया, साथ ही हिमगिरि के संस्थापक सदस्य दिनेश कुमार पांडे को तेल और गैस अन्वेषण के क्षेत्र में उनके प्रमुख योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी नवाजा गया।

मुख्यमंत्री ने हिमगिरि महोत्सव सांस्कृतिक समागम के भव्य आयोजन के लिये आयोजकों के साथ हिमगिरि सम्मान और लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओएनजीसी के सेवानिवृत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पंजीकृत हिमगिरी सामाजिक संस्था अपने समर्पण और सेवाओं के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्र की समृद्धि, संस्कृति और विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अध्यात्म और योग की भूमि होने के साथ-साथ संस्कृति, साहित्य और कला की भूमि भी है। ऐसे आयोजन हमारी विलुप्त होती लोक विरासत को संरक्षण प्रदान कर आने वाली पीढ़ी को हमारी लोक संस्कृति से परिचित कराने तथा सामाजिक समरसता को प्रगाढ़ करने का कार्य करते हैं। इससे हमारे राज्य के कलाकारों को एक मंच उपलब्ध होता है और उनकी कला को प्रोत्साहन मिलता है। संगठन, चाहे वह सामाजिक, साहित्यिक हो या सांस्कृतिक, उसमें बड़ी शक्ति होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र को ध्येय मानकर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमें भारत को पुनः विश्व गुरू के पद पर आरूढ़ करने के लिए हर परिस्थिति को पार करना है। भारत को विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हर छोटी बड़ी कोशिश करनी है। श्रेष्ठ उत्तराखंड निर्माण के ’विकल्प रहित संकल्प’ को प्राप्त करने हेतु अपने प्रयास निरंतर जारी रखने होंगे। मुख्यमंत्री ने सभी का आह्वान किया कि हमारे सभी प्रयास तभी सफल होंगे जब हम सभी आपसी सहयोग से राज्य के विकास में अपना योगदान देंगे।

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, अध्यक्ष उत्तराखण्ड श्रम संविदा बोर्ड कैलाश पंत, सोसाइटी के अध्यक्ष गोपाल जोशी, सचिव आशीष चौहान, संदीप सिंह बिष्ट, एल मोहन लखेड़ा, देवेन्द्र बिष्ट, शोभा नेगी, विजय मधुर, मनमोहन नेगी, परमेश उनियाल, आर जे काव्या, मातबर सिंह असवाल आदि उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *